![]()
मुज़फ्फरनगर में पुलिस और अंतरराज्यीय एटीएम ठग गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, नकदी, तमंचा और एक कार बरामद की है। यह घटना शुक्रवार को पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर हुई। नगर कोतवाली पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब वाहन को रोकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश गुलशन गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथी जतिन और मयंक को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को निशाना बनाते थे। ये एटीएम बूथों के आसपास खड़े होकर बुजुर्गों और कम जानकारी रखने वाले लोगों की मदद करने का बहाना करते थे। इसी दौरान वे चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से मोटी रकम निकाल लेते थे। घायल बदमाश गुलशन के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, कार और 63 अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। उसके दोनों साथियों के पास से लगभग 38 हजार रुपये नकद मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में धोखाधड़ी और ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में सक्रिय था और लगातार लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Source link
एटीएम बदलकर ठगी करने वाला गैंग:मुठभेड़ में बदमाश गुलशन घायल, दो साथी गिरफ्तार; अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा