![]()
उन्नाव में सावन माह के चौथे सोमवार को आस्था का संगम देखने को मिला। सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने ‘हर-हर बम-बम’ के जयकारों के साथ पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालु शहर और ग्रामीण इलाकों के प्रमुख शिवालयों की ओर बढ़े, जहां उन्होंने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। सुबह तड़के ही बीघापुर, शुक्लागंज, परियर और सफीपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। महिला कांस्टेबलों की तैनाती के साथ जल पुलिस की नावें लगातार गश्त करती रहीं।
नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी लाइनें देखी गईं। शहर के बुढ़वा महादेव, बड़ा शिवाला मंदिर, कलेक्टरगंज शिव मंदिर, बैसवारा नाथ मंदिर और पुरवा के बाबा त्रिलोकी नाथ मंदिर सहित दर्जनों शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था और जगह-जगह भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक किया और बेलपत्र, धतूरा, आक, भांग तथा दूध चढ़ाकर बाबा भोलेनाथ को प्रसन्न किया। इस अवसर पर कांवड़ यात्रा पर निकले कई जत्थे भी जिले से होकर गुजरे। शिवभक्त कांवड़ियों ने भजन गाते हुए और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए गंगाजल से मंदिरों में जलाभिषेक किया। प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर वाहनों के संचालन को नियंत्रित किया गया। शुक्लागंज और गंगा घाटों के पास पुलिस के अलावा स्थानीय स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया था, जिन्होंने श्रद्धालुओं की मदद की। सावन के इस विशेष सोमवार को महिलाओं और युवाओं की भी भारी भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाओं ने व्रत रखकर गंगा स्नान के बाद भोलेनाथ को श्रृंगार समर्पित कर पूजा-अर्चना की। युवाओं में भी भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था दिखाई दी।
Source link
उन्नाव में सावन के सोमवार पर उमड़ी भक्तों की भीड़:गंगा घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक