उन्नाव में युवक की सड़क हादसे में मौत:केवाईसी कराने निकला था, छत्तीसगढ़ से बीमार बेटे को देखने घर आया था


उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र में एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक गुरुवार दोपहर बैंक में केवाईसी कराने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसका शव शिवा धर्मकांटा के पास सड़क किनारे मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान चंद्रसेना गांव निवासी 33 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र चंद्रनाथ के रूप में हुई है। शुक्रवार को परिजन जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों ने बताया कि अश्वनी कुमार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बाइक से बैंक में केवाईसी कराने निकले थे। बैंक उनके गांव से लगभग सात किलोमीटर दूर था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि लौटते समय शिवा धर्मकांटा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अश्वनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। देर रात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। बाद में परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि अश्वनी कुमार रोजी-रोटी के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर में मजदूरी करते थे। वह करीब एक सप्ताह पहले ही अपने गांव आए थे। दरअसल, उनका पांच वर्षीय बेटा आर्यन कुछ दिन पहले घर की छत से गिरकर घायल हो गया था, जिससे उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बेटे की चोट की जानकारी मिलने पर अश्वनी उसे देखने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए गांव आए थे। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का बुरा हाल हो गया। परिवार में शोक का माहौल है। शुक्रवार को परिजन जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस पहुंचे, जहां शव की पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *