![]()
उन्नाव में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, एसएसपी जयप्रकाश सिंह, एडीएम, एएसपी, सभी एसडीएम, सीओ समेत विभिन्न धर्मों और समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से सहयोग की अपील की ताकि आपसी भाईचारा बना रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। सभी लोग निर्धारित स्थानों पर ही नमाज पढ़ेंगे। इसके अलावा, प्रतिबंधित पशुओं के कटान पर पूरी तरह रोक रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पशु कटान के बाद निकलने वाले अपशिष्ट के निस्तारण को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कटान के बाद बचने वाले अवशेषों को पूरी तरह ढंककर ही परिवहन कराया जाएगा तथा पर्याप्त गहराई वाले गड्ढों में ही उनका निस्तारण किया जाएगा, ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। डीएम ने कहा कि जिले में मौजूद सभी सूअर बाड़ों को भी नोटिस जारी कर दिए गए हैं। उन्हें निर्देशित किया गया है कि त्योहार के दौरान सूअरों को खुले में न छोड़ा जाए, जिससे किसी प्रकार की धार्मिक भावना आहत न हो। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। जिलेभर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त पेट्रोलिंग कराई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। सड़क पर नमाज नहीं होगी जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। सभी लोग निर्धारित स्थलों पर ही नमाज पढ़ेंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित पशुओं के कटान की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में बकरीद पर प्रशासन ने जारी किए निर्देश:सड़क पर नमाज नहीं, प्रतिबंधित पशु कटान पर रोक