![]()
उत्तराखंड में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में भीषण हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में काशीपुर 44°C के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले 2-3 दिनों तक मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिसके बाद पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर, पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का भी अनुमान है। इससे पहले सोमवार को चमोली के हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ धाम के नर-नारायण पर्वत और पिथौरागढ़ के नाभीढांग की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं चमोली के जोशीमठ में 2.2 मिमी, चंपावत में 1.0 मिमी, मुनस्यारी में 0.4 मिमी और केदारनाथ में 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं अल्मोड़ा के देवीधुरा में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। देहरादून में 39 डिग्री तक पहुंचेगा पारा राजधानी देहरादून में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में बादल विकसित हो सकते हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। शहर में सुबह का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक से लेकर काफी अधिक तक दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। हीटवेव से निपटने को सरकार अलर्ट मोड में उत्तराखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शासन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा जरूरी एहतियाती व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को साफ कहा गया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां पूरी रखी जाएं। सरकार ने सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों और नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। लू और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। बाजारों और बस अड्डों पर लगेंगे प्याऊ नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल एवं शीतल जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेज गर्मी से लोगों को राहत मिल सके। बिजली और पेयजल विभागों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के दौरान किसी भी तरह की बाधा न आए। पानी की कमी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त टैंकर भेजने और निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल संकट न पैदा हो। मजदूरों के लिए बदलेगा कार्य समय भीषण गर्मी को देखते हुए बाहरी कार्यस्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए विशेष सलाह जारी की गई है। प्रशासन ने कहा है कि काम का समय सुबह और शाम तक सीमित रखा जाए, ताकि दोपहर की तेज धूप और लू से बचाव हो सके। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ पीने की सलाह देते हुए कहा कि गर्मी को हल्के में लेने की गलती भारी पड़ सकती है। 25 मई को 13 जिलों का तापमान रहा 25 मई को हिल स्टेशनों का तापमान रहा 25 मई को बड़े शहरों का तापमान रहा 25 मई को चारधाम और तीर्थ स्थलों का तापमान रहा अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम 27 मई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गर्जन की संभावना है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 28 मई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। 29 मई: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
Source link
उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश, मैदानों में हीटवेव का अलर्ट:हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ समेत 2 जिलों में बर्फबारी; 5 शहरों में बौछारें पड़ी