अवैध अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत:परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाया, डॉक्टर फरार; पुलिस जांच में जुटी


एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शिवसिंहपुर रोड स्थित अवैध रूप से संचालित श्री कृष्णा हॉस्पिटल में प्रसव के बाद 22 वर्षीय प्रसूता मोहिनी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मोहिनी पत्नी अर्जुन, कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के बगराई गांव की निवासी थी। परिजनों ने मोहिनी को प्रसव पीड़ा के बाद इस अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल के डॉक्टर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर कोतवाली देहात थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृत प्रसूता के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने चिकित्सकों पर गलत उपचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मृतका के पति अर्जुन ने बताया कि उसकी पत्नी को एटा के श्री कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां बच्ची पैदा होने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। उन्होंने चिकित्सकों पर गलत इलाज का आरोप दोहराया। एटा में सैकड़ों की संख्या में अवैध अस्पताल संचालित हैं, जो आम जनता के लिए खतरा बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग इन्हें सील करता है, लेकिन माफिया जगह बदलकर फिर से अस्पताल चला लेते हैं। इस मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अस्पताल अवैध रूप से संचालित था। उन्होंने कहा कि एक टीम गठित की गई है और इस संबंध में कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *