अलीगंज अग्निकांड: 15 दिन की मोहलत खत्म,:इमारत की नाप-जोख करेगा LDA, अवैध हिस्सा बचा तो चलेगा बुलडोजर


लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड से जुड़ी बहुचर्चित इमारत को ध्वस्त करने के लिए दी गई 15 दिन की समयसीमा शनिवार को पूरी हो रही है। ऐसे में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की तकनीकी टीम शनिवार को मौके पर पहुंचकर इमारत का विस्तृत निरीक्षण और नाप-जोख करेगी। टीम यह आकलन करेगी कि भवन स्वामी ने अब तक कितना हिस्सा गिराया है और कितना अवैध निर्माण अभी भी बाकी है। एलडीए के आदेश के बाद भवन स्वामी खुद इमारत का ध्वस्तीकरण करा रहा है, लेकिन काम की रफ्तार को लेकर प्राधिकरण संतुष्ट नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मौके पर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। निरीक्षण के बाद बची हुई अवैध निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर ध्वस्तीकरण की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित समयसीमा के बाद भी अवैध निर्माण पूरी तरह नहीं हटाया गया मिला तो एलडीए स्वयं कार्रवाई करेगा। यह वही इमारत है, जहां हुए भीषण अग्निकांड में 15 बच्चों की दर्दनाक मौत हुई थी। हादसे के बाद भवन की वैधता और अग्नि सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठे थे। अब निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बची हुई अवैध संरचना पर अगले एक-दो दिनों में एलडीए का बुलडोजर चलने की संभावना जताई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *