अयोध्या होमगार्ड भर्ती परीक्षा में प्रशासन सख्त:डीएम-एसएसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण, 80%से अधिक अभ्यर्थी मौजूद


अयोध्या में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने मनोहर लाल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का गहनता से आकलन किया। केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की सतत निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा और गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के पहले दिन जिले के कुल 10 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित हुई। प्रथम पाली में पंजीकृत 4032 अभ्यर्थियों में से 3248 उपस्थित रहे, जो 80.56 प्रतिशत उपस्थिति दर्शाता है। इस पाली में 784 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे। द्वितीय पाली में भी 4032 में से 3249 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिसकी उपस्थिति 80.58 प्रतिशत रही, जबकि 783 अभ्यर्थी गैरहाजिर पाए गए। प्रशासन की सख्ती और लगातार निगरानी के कारण पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। केंद्रों पर कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। किसी भी केंद्र से नकल या अनियमितता की कोई शिकायत नहीं मिली। जिला प्रशासन ने आगामी दो दिनों में भी इसी तरह निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने का दावा किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *