अयोध्या में नवविवाहिता से छेड़छाड़ का प्रयास:पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश


अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की नवविवाहिता ने गांव के एक युवक पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर से शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पीड़िता के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुई। वह अपनी ननद के साथ शौच के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे एक युवक ने उन्हें देखकर पकड़ लिया। नवविवाहिता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और निजी अंगों को छूने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे जमीन पर गिरा दिया गया और दुष्कर्म का प्रयास किया जाने लगा। पीड़िता और उसकी ननद के शोर मचाने पर गांव के कुछ लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौटा और उसके पति के साथ मारपीट की। घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित पक्षों को थाने जाने की सलाह दी। नवविवाहिता अपने परिजनों के साथ शिकायत पत्र लेकर कुमारगंज थाने पहुंची, लेकिन आरोप है कि वहां उसकी तहरीर नहीं ली गई। परिवार का कहना है कि उन्हें देर रात तक थाने में बैठाए रखने के बाद बिना किसी कार्रवाई के वापस भेज दिया गया। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें धमकाया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुमारगंज थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई तथा मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का पक्ष अभी प्राप्त नहीं हो सका है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *