अयोध्या की सभी तहसीलों में ग्राम चौपाल का आयोजन:डीएम-एसडीएम ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारी भी रहे मौजूद


अयोध्या में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार शाम जनपद की सभी तहसीलों में ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों में ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बीकापुर तहसील के विकासखंड बीकापुर अंतर्गत ग्राम असकरनपुर में आयोजित ग्राम चौपाल की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने स्वयं ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। चौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसी क्रम में रुदौली तहसील के ग्राम कूड़ा सादात, मिल्कीपुर तहसील के ग्राम देवगांव, सोहावल तहसील के ग्राम सनाहा तथा सदर तहसील के ग्राम सेरवाघाट में भी ग्राम चौपालों का आयोजन हुआ। इन चौपालों में संबंधित उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। मिल्कीपुर तहसील के ग्राम देवगांव में आयोजित ग्राम चौपाल में उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम चौपाल शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी सीधे प्रशासन तक पहुंचती है और उनका मौके पर समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनका गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके और ग्रामीण विकास को गति मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *