![]()
अम्बेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में उन्हें देश के 100 प्रमुख जिला पुलिस अधीक्षकों की सूची में स्थान मिला है। वहीं प्रदेश के टॉप-10 जिला पुलिस अधीक्षकों में एसपी प्राची सिंह को छठा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के बाद जिला पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। सर्वेक्षण में जिला पुलिस प्रमुखों के नेतृत्व, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनता के साथ संबंधों को प्रमुख आधार बनाया गया। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, संकट के समय निर्णय लेने की क्षमता, आधुनिक तकनीक एवं नवाचार का इस्तेमाल, पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यशैली जैसे विभिन्न पहलुओं का भी मूल्यांकन किया गया। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के सर्वेक्षण में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था में सुधार, जनमित्र पुलिसिंग, दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार, पारदर्शिता एवं जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, व्यवहार कुशलता और जनसंपर्क सहित विभिन्न मानकों को शामिल किया गया। इसके अलावा प्रबुद्ध वर्ग की राय तथा मीडिया और सार्वजनिक छवि को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया। कई स्तरों पर किए गए मूल्यांकन के बाद देश के टॉप 100 जिला पुलिस प्रमुखों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में आधिकारिक आंकड़ों और प्रशासनिक स्रोतों के साथ मीडिया रिपोर्ट, विशेषज्ञों की राय तथा सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी को भी सर्वेक्षण का आधार बनाया गया। इन सभी मानकों पर एसपी प्राची सिंह के प्रदर्शन को बेहतर माना गया। एसपी प्राची सिंह 2017 बैच की यूपी कैडर की भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं। वह सख्त कार्यशैली और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक रुख के लिए जानी जाती हैं। उनका जन्म 22 अप्रैल 1992 को फतेहपुर जनपद में हुआ था। उनके पिता राम सिंह गौतम सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी हैं। प्राची सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी तथा नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, भोपाल से एलएलएम की पढ़ाई की है। महज 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पहले प्रयास में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इससे पहले वह श्रावस्ती की पुलिस अधीक्षक तथा एडीसीपी उत्तर के पद पर रहते हुए 32वीं बटालियन पीएसी की कमांडेंट की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए उन्हें पूर्व में भी सम्मानित किया जा चुका है। अब राष्ट्रीय स्तर के इस सर्वेक्षण में स्थान मिलने से उनकी उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ गया है।
Source link
अम्बेडकरनगर एसपी प्राची सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला:देश के 100 प्रमुख जिला पुलिस अधीक्षकों में शामिल, प्रदेश में छठा स्थान