![]()
अमेठी में बकरी के पानी पीने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंटें चलीं। इस घटना में एक बुजुर्ग सहित दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के पीठीपुर गांव की है। गुरुवार शाम एक पक्ष की बकरी ने दूसरे पक्ष के घर के बाहर रखी बाल्टी से पानी पी लिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। मामूली कहासुनी जल्द ही बड़े झगड़े में बदल गई। दोनों पक्षों के सदस्य लाठी-डंडे लेकर घर से बाहर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर भी फेंके। मारपीट में घायल हुए बुजुर्ग और एक अन्य व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पक्ष के बाप-बेटे को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
Source link
अमेठी में बकरी के पानी पीने पर विवाद:दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, ईंट-पत्थर भी फेंके; दो घायल