![]()
भदोही में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार रात भदोही में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। रात करीब 10 बजे सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में शुरू हुए इस प्रदर्शन में विधायक जाहिद बेग सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी बारिश के बीच भी डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन और अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग उठाई। मौके पर एसडीएम ज्ञानपुर भान सिंह, सीओ चमन सिंह चावड़ा और कोतवाली प्रभारी राम शरीक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों के समझाने के बाद रात करीब 10:30 बजे धरना समाप्त हो गया। धरने को संबोधित करते हुए विधायक जाहिद बेग ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र पिछले 22 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे बातचीत करने तक नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में जवाबदेही तय करने के बजाय छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके समर्थन में पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि सपा छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है और यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तथा विपक्षी नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रही, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। विधायक ने कहा, अब आर-पार की लड़ाई होगी। जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होंगी, समाजवादी पार्टी आंदोलन जारी रखेगी।
Source link
अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सपाईयों का प्रदर्शन:विधायक ने कहा- अब आर-पार की लड़ाई होगी, छात्रों की मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी