![]()
अंबेडकरनगर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित और निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने संचालन और रखरखाव (OM) के तहत चल रही सभी 58 परियोजनाओं का अप्रैल माह में शत-प्रतिशत सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान प्रभावित मार्गों की स्थिति, आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, पाइपलाइन लीकेज, जल की गुणवत्ता, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान की स्थिति और आमजन से प्राप्त फीडबैक का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी भवनों में नल कनेक्शन की स्थिति का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए। अधिशासी अभियंता, जल निगम ने बताया कि जनपद में अब तक 328 परियोजनाओं के माध्यम से 1000 राजस्व ग्रामों में शिरोपारि जलाशय और पंपों के जरिए जलापूर्ति की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थाओं को ऑपरेटरों के मार्च तक के मानदेय का भुगतान तत्काल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सत्यापन के दौरान मानदेय भुगतान में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कार्यदाई संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन कार्यदाई संस्थाओं की परियोजनाओं में प्रगति अपेक्षित स्तर की नहीं है, उनके संबंध में शासन को पत्राचार किया जाए। साथ ही, जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रारंभ हो चुकी है, वहां के सभी शासकीय संस्थानों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन सुनिश्चित किए जाएं।
Source link
अंबेडकरनगर में जल जीवन मिशन की समीक्षा:डीएम ने परियोजनाओं के सत्यापन और भुगतान के दिए निर्देश