अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार:दो पिस्टल समेत 50 कारतूस बरामद


उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियार और कारतूस की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमेटिक .32 बोर पिस्टल, चार मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस, एक होंडा सिटी कार, पांच मोबाइल फोन और 2420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीबीडी निवासी संदेश प्रताप सिंह उर्फ राज, गोमतीनगर निवासी विवेक प्रजापति, चिनहट निवासी नितिन कुंडी और प्रिंस गुप्ता उर्फ सल्लू भाई के रूप में हुई है। सभी को गाजीपुर थाना क्षेत्र में कल्याण अपार्टमेंट तिराहे से समता मूलक चौराहा जाने वाले बंधा मार्ग पर बुधवार रात करीब 11:50 बजे घेराबंदी कर पकड़ा गया। एसटीएफ के अनुसार, पिछले कई दिनों से गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर के निर्देशन में निरीक्षक दिलीप कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर निगरानी की जा रही थी। सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को होंडा सिटी कार सहित दबोच लिया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुंडी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार और कारतूस की खरीद-फरोख्त करता है। इससे पहले वह सिंथेटिक ड्रग्स और ऑर्गेनिक गांजा (ओजी) की तस्करी में भी शामिल रहा है। करीब दो वर्ष पहले पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी। जेल से छूटने के बाद विरोधी गिरोह से बदला लेने, रंगदारी वसूली और ड्रग्स के कारोबार के लिए हथियार खरीदने के दौरान उसने इस धंधे में कदम रखा। उसके खिलाफ चिनहट थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोपी संदेश प्रताप सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह एक रियल एस्टेट कंपनी में पार्टनर है। भूमि कब्जा और रंगदारी के मामलों में लोगों में दहशत बनाने के लिए अवैध हथियारों का इस्तेमाल करता था। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें अवैध हथियार गोरखपुर निवासी अभि उर्फ अभिषेक उपलब्ध कराता था। वे एक पिस्टल करीब 25 हजार रुपये में खरीदकर 50 से 60 हजार रुपये में बेचते थे, जबकि .32 बोर का कारतूस 300-350 रुपये में खरीदकर 400 से 500 रुपये में बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे रंगदारी वसूली और जमीनों पर अवैध कब्जा कराने का काम करते हैं तथा यह गतिविधियां कथित तौर पर बाबू सिंह माफिया के संरक्षण में संचालित होती थीं। बरामद होंडा सिटी कार का इस्तेमाल हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था। एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *