![]()
शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब शूटर्स से आगे साजिश के पूरे नेटवर्क तक पहुंच गई है। पुलिस ने फरार आरोपी राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस को उसके दिल्ली, दिल्ली-NCR या हरियाणा में छिपे होने की आशंका है। वहीं, गिरोह से जुड़े बताए जा रहे चिराग और मोंटी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक, चिराग कनाडा और मोंटी अमेरिका में हो सकता है। दोनों को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के जरिए कार्रवाई की तैयारी है। अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में नालापटरी के पास जिम से निकलते समय हत्या कर दी गई थी। चार बदमाशों ने उस पर गोलियां चलाई थीं। गंभीर रूप से घायल अंकित की मौत हो गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने शूटर्स की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सोनीपत के शूटर सुमित और मोहित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। वहीं करनाल के सत्यम और आर्यन पर पहले ही एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया जा चुका है। अब साजिश और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही पुलिस पुलिस जांच में राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया की भूमिका सामने आने के बाद उस पर इनाम घोषित किया गया है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, भोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके संपर्कों, ठिकानों और हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, भोलू का नाम सोनीपत के शाहपुर इलाके से जुड़ा है और उसकी गोगी गैंग से जुड़े नेटवर्क के साथ संबंधों की जांच की जा रही है। शूटरों से संपर्क और हत्या की साजिश में उसकी भूमिका को लेकर भी पुलिस तथ्य जुटा रही है। कनाडा और अमेरिका में बैठे 2 आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जांच में चिराग और मोंटी के नाम सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस की कार्रवाई की गई। एसपी के मुताबिक, दोनों के खिलाफ प्रस्ताव 2 अगस्त को भेजा गया था। पुलिस को आशंका है कि चिराग कनाडा और मोंटी अमेरिका में छिपा हो सकता है। अब दोनों की गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संबंधित एजेंसियों की मदद ली जाएगी।
भोलू पर पहले से गंभीर मुकदमे, सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच में पुलिस रिकॉर्ड में भोलू के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों की जानकारी सामने आई है। हरियाणा में उसके पुराने आपराधिक मामलों और इनाम से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पुराने आपराधिक नेटवर्क का अंकित हत्याकांड से क्या संबंध है। हत्या के बाद सोशल मीडिया पर राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट भी सामने आई थी, जिसमें वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पुलिस इस पोस्ट की तकनीकी जांच कर रही है कि इसे किसने और कहां से अपलोड किया था। अब पुलिस का फोकस शूटर्स के साथ उन लोगों तक पहुंचने पर है, जिन पर हत्या की साजिश और पूरे नेटवर्क से जुड़े होने का शक है।
Source link
अंकित बालियान हत्याकांड में भोलू पर 1 लाख का इनाम:कनाडा-अमेरिका में छिपे 2 आरोपियों पर रेड कॉर्नर नोटिस