![]()
जिले की मिल्कीपुर तहसील बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को शुरू हो गई है। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ता प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चे खरीदे, जिससे तहसील परिसर में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं खरीदा। हालांकि, उपाध्यक्ष पद के लिए छह अधिवक्ताओं ने नामांकन पर्चे खरीदे। इनमें मोहम्मद अंसार खान, राजित राम यादव, श्री प्रकाश पाण्डेय, श्री प्रकाश सिंह, संदीप कुमार शुक्ल और राम सवारे शामिल हैं। इन प्रत्याशियों में से किसी ने भी अभी तक अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है। महामंत्री पद के लिए कालिका प्रसाद तिवारी ने पर्चा खरीदने के साथ ही अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है। इससे इस पद पर चुनावी प्रतिस्पर्धा की शुरुआत हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 23 अप्रैल को भी पर्चा खरीद और नामांकन दाखिल करने का कार्य जारी रहेगा। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 25 अप्रैल को प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। मतदान 7 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। उसी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महामंत्री पदों के विजेताओं की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव को लेकर प्रत्याशी अधिवक्ता मतदाता वकीलों के बीच सक्रिय हो गए हैं। वे अपनी प्राथमिकताएं और योजनाएं साझा कर समर्थन जुटाने में लगे हैं, जिससे तहसील परिसर में चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव और सहायक निर्वाचन अधिकारी दुर्गा प्रसाद मिश्र ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Source link
मिल्कीपुर बार एसोसिएशन चुनाव:नामांकन प्रक्रिया शुरू, उपाध्यक्ष पद के लिए 6, महामंत्री पद के लिए 1 पर्चा बिका