प्रशिक्षण में नहीं आए 64 कर्मियों पर होगी FIR:जनगणना में लगी थी ड्यूटी; सबसे अधिक जोन 5 में रही अनुपस्थिति


जनगणना के लिए जिन कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, उनका प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। दो दिनों में प्रशिक्षण में 64 कर्मचारी नहीं पहुंचे थे। उनपर FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। 20 व 21 अप्रैल को प्रगणक एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इनमें जोन 1 से 12, जोन 2 से 11, जोन 3 से 11, जोन 4 से 14 एवं जोन 5 से 16 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से इन सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस का जवाब न देने पर FIR होगी और भविष्य में निलंबन की कार्रवाइ्र भी होगी। अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-11 के तहत FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस प्रविधान के अनुसार जनगणना कार्य में लापरवाही, बाधा या इनकार करने पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना और दोष सिद्ध होने पर तीन वर्ष तक की सजा का प्रविधान है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रगणक और सुपरवाइजर को समयबद्ध ढंग से प्रशिक्षण लेकर जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण में व्यवहारिक ज्ञापन पर जोर
जनगणना की तैयारियों को लेकर जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रम तेज कर दिया गया है। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दो दिनों तक 33 बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें परिवार की परिभाषा से लेकर गणना के तकनीकी पहलुओं तक की जानकारी शामिल रही। प्रशिक्षण में बताया गया कि किसी संस्थान में रहने वाले लोगों को ‘संस्थागत परिवार’ के रूप में दर्ज किया जाएगा, जबकि एक ही भवन में अलग-अलग रसोई और साथ रहने के आधार पर एक से अधिक जनगणना मकान भी चिह्नित किए जा सकते हैं।
मंगलवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन फील्ड ट्रेनरों ने प्रतिभागियों के सभी सवालों का समाधान किया, ताकि वास्तविक गणना के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे। अब तीसरे दिन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षकों के साथ घर-घर जाकर प्रैक्टिकल कराया जाएगा, जहां उनकी कार्यप्रणाली का आकलन भी किया जाएगा और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। शहर के राजकीय जुबिली इंटर कालेज, सेंट एंड्रयूज इंटर कालेज सहित अन्य संस्थानों में यह प्रशिक्षण चल रहा है, जहां एक बैच में 50 कर्मियों को तैयार किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान उत्तरदाताओं के जवाब के आधार पर प्रपत्र भरने के साथ आनलाइन फीडिंग भी कराई जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व व जिला जनगणना अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मियों को पूरी तरह दक्ष बनाना है, ताकि जनगणना कार्य बिना त्रुटि के संपन्न हो सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *