![]()
एटा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामरन जी और अपर पुलिस अधीक्षक, अपराध योगेंद्र सिंह ने डायल 112 और पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक पुलिस लाइंस स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित की गई। इसमें पुलिस सेवा में सुधार और जन-शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने कॉलर से विनम्र और मर्यादित भाषा में बात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलर को पूरी तरह संतुष्ट करना प्रत्येक कर्मी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त, सभी पुलिसकर्मियों को अपनी कार्यवाही के दौरान बॉडीवर्न कैमरे का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने घटना स्थल पर तत्काल पहुंचने और ‘अर्ली अराइव’ कमेंट डालने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्देश दिए गए कि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर 30 मिनट के भीतर समस्त कार्यवाही पूरी कर एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) दाखिल की जाए। एटीआर में घटना का पूरा विवरण और पीआरवी द्वारा की गई कार्यवाही का स्पष्ट उल्लेख होना अनिवार्य है। अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह ने रिस्पांस टाइम को न्यूनतम रखने की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में पीड़ित तक कम से कम समय में पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। ड्यूटी के दौरान किसी भी पीआरवी कर्मी को शराब या किसी भी प्रकार के नशे में नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई। चेतावनी दी गई कि चेकिंग के दौरान मदिरापान की स्थिति में पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पीआरवी की चेकिंग विभिन्न अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से की जाएगी। इसलिए सभी कर्मियों को सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने और चेकिंग रजिस्टर का साफ-सफाई के साथ रखरखाव करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना के मामलों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
Source link
एटा SSP-ASP ने डायल 112 कर्मियों को दिए निर्देश:पुलिस सेवा सुधार, जन-शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर दिया जोर