![]()
बाराबंकी जिले के सिरौलीगौसपुर तहसील स्थित कोटवाधाम में शनिवार को भेलसर-फतेहपुर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा और एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शुभारंभ किया। इस सड़क निर्माण पर करीब 9186.76 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल को विपक्ष ने पास नहीं होने दिया। मंत्री ने बताया कि 27 किलोमीटर लंबी यह सड़क भेलसर, टिकैतनगर, रामनगर और फतेहपुर क्षेत्र को जोड़ेगी। इससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। उन्होंने इसे बाराबंकी के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने और मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में आसानी होगी। कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इस दौरान एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने कहा कि राज्य मार्ग-127 के चौड़ीकरण से अयोध्या, बाराबंकी और फतेहपुर के बीच सीधा संपर्क और मजबूत होगा। यह कार्य चैनेज 8.000 से 35.000 तक किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा। राज्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक चौधरी, सहायक अभियंता अजित पटेल, अवर अभियंता सिल्की अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Source link
बाराबंकी में मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना:महिला आरक्षण बिल पास न होने पर लगाया विश्वासघात का आरोप