शादी में गैस सिलेंडर के लिए युवक पहुंचा डीएम ऑफिस:रामपुर में 20 अप्रैल को आनी है बारात, युवक ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार


रामपुर में पटवाई थाना क्षेत्र के किरा गांव निवासी दीपक कश्यप की शादी 20 अप्रैल को होनी है। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और मेहमानों को निमंत्रण भी बांट दिए गए हैं। हालांकि, अब रसोई के लिए गैस सिलेंडर न मिलने से परिवार परेशान है। दीपक के अनुसार, उन्हें शादी के कार्यक्रम के लिए कम से कम छह गैस सिलेंडरों की आवश्यकता है। घर में लगुन-टीका सहित सभी रस्मों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं, लेकिन खाना बनाने के लिए आवश्यक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। शादी में गैस सिलेंडरों की व्यवस्था कराई जाए दीपक ने बताया कि उन्होंने स्थानीय गैस एजेंसी से कई बार संपर्क किया, लेकिन एजेंसी ने सिलेंडर देने से इनकार कर दिया। इस स्थिति में बिना गैस के दावत का आयोजन कैसे होगा, यह परिवार के लिए चिंता का विषय बन गया है। इस समस्या को लेकर दीपक अपनी मां के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक शिकायती पत्र सौंपकर प्रशासन से अपील की है कि शादी के मद्देनजर गैस सिलेंडरों की व्यवस्था कराई जाए, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। दीपक की मां ने कहा, “दावतें बांट दी गई हैं और लोग आने वाले हैं। यदि खाना ही नहीं बन पाया तो समाज में गलत संदेश जाएगा।” परिवार को आशंका है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो शादी की खुशियां प्रभावित हो सकती हैं। गैस एजेंसी संचालक ने इस संबंध में बताया कि वे केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को गैस वितरित कर रहे हैं जिनके पास घरेलू गैस कनेक्शन हैं। नए कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। अब परिवार और स्थानीय लोग जिला प्रशासन की ओर देख रहे हैं कि इस समस्या का क्या समाधान निकलता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *