वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प की पत्नी मेलानिया बोलीं- मेरा यौन अपराधी एपस्टीन से कोई रिश्ता नहीं था


अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प के एक बयान ने अचानक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने साफ कहा है कि उनका कुख्यात यौन अपराधी जैफ्री एपस्टीन से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा। मेलानिया ने कहा, “मैं कभी भी एपस्टीन की दोस्त नहीं रही। मैं कभी उसके प्लेन में नहीं बैठी और न ही उसके प्राइवेट आइलैंड पर गई।” उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रम्प से एपस्टीन के जरिए नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, अगर कभी मुलाकात हुई भी तो बस कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में ही हुई थी। असल में, जैफ्री एपस्टीन एक बड़ा कारोबारी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के शोषण जैसे गंभीर आरोप लगे थे। 2019 में जेल में उसकी मौत हो गई थी, लेकिन आज भी उसका मामला काफी विवादों में रहता है और कई बड़े नाम इससे जुड़ते रहे हैं। मेलानिया का यह बयान इसलिए चर्चा में है क्योंकि हाल में ऐसा कोई मुद्दा सामने नहीं आया था, फिर भी उन्होंने खुद सामने आकर सफाई दी। इससे सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उन्होंने अभी यह बात क्यों कही। खुद डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कहा कि उन्हें इस बयान की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। जानकारों का मानना है कि हो सकता है आगे किसी तरह का खुलासा होने वाला हो, उससे पहले ही मेलानिया ने अपनी स्थिति साफ कर दी हो। वहीं कुछ लोग इसे इस तरह भी देख रहे हैं कि मौजूदा बड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… प्रणय वर्मा बने बेल्जियम में भारत के नए राजदूत, EU में भी अहम भूमिका निभाएंगे भारत ने सीनियर डिप्लोमैट प्रणय वर्मा को बेल्जियम में अपना नया राजदूत नियुक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। वे यूरोपियन यूनियन में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे। प्रणय वर्मा इस समय बांग्लादेश में भारत के हाई कमिश्नर हैं। वे 1994 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं और इससे पहले वियतनाम में भारत के राजदूत रह चुके हैं। उनके पास तीन दशक से ज्यादा का कूटनीतिक अनुभव है। यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर तेजी से प्रगति हो रही है। इस समझौते के तहत 90 प्रतिशत से ज्यादा टैरिफ खत्म होने की संभावना है, जिससे दोनों पक्षों के बीच व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिल सकता है। माना जा रहा है कि इस समझौते को यूरोपियन संसद से मंजूरी दिलाने में प्रणय वर्मा की भूमिका अहम होगी। इक्वाडोर ने कोलंबिया पर 100% टैरिफ लगाया, ड्रग तस्करी पर सख्ती न बरतने का आरोप इक्वाडोर ने कोलंबिया से आने वाले सामान पर 100% टैरिफ लगा दिया है, जो 1 मई से लागू होगा। इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने कहा कि कोलंबिया उनके देश में ड्रग तस्करी को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है, इस वजह से उन्हें यह सख्त कदम उठाना पड़ा। कोलंबिया दुनिया के बड़े कोकीन उत्पादकों में से एक है। वहां से ड्रग्स इक्वाडोर के रास्ते बाहर भेजे जाते हैं। इक्वाडोर का कहना है कि इससे उसके देश में गैंगवार, हिंसा और अपराध बहुत बढ़ गए हैं।
इसे लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव पिछले कई महीनों से बढ़ रहा था। जनवरी में इक्वाडोर ने 30% टैरिफ लगाया था, जिसे मार्च में बढ़ाकर 50% कर दिया गया और अब इसे सीधे 100% तक पहुंचा दिया गया है। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे गलत कदम बताया और संकेत दिया कि कोलंबिया अब दूसरे देशों के साथ व्यापार बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *