उन्नाव में ट्रांसफार्मर में करंट उतरा, बच्चे की मौत:नीचे भरा था पानी, लकड़ी बीनते समय चपेट में आया, घर का इकलौता बेटा था


उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के बंथर हड़हा गांव में ट्रांसफार्मर के पास भरे पानी में करंट उतरने से 11 साल के बालक की मौत हो गई। बालक घर के पास लकड़ी बीन रहा था, तभी वह पानी में उतरे करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, बंथर हड़हा गांव निवासी पुतान का बेटा शिवा गुरुवार रात घर के पास लकड़ी बीन रहा था। घर के बगल में रखे ट्रांसफार्मर के आसपास पानी भरा हुआ था। इसी दौरान पानी में करंट उतर आया और शिवा उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गया। बालक को अचेत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शिवा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवा परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं और वह तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि ट्रांसफार्मर के आसपास पानी भरा होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी वजह से पानी में करंट उतरने से बालक की जान चली गई। बिजली उपकरणों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों ने घटना की जानकारी दी। बालक की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। बिजली विभाग की ओर से मामले में कार्रवाई या जांच को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *