Festive Sale Shopping Guide | Save Money & Avoid Fraud Checklist 2026

13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

त्योहारों का सीजन यानी खरीदारी का माहौल। आज से ई-कॉमर्स कंपनियों की फेस्टिव सेल शुरू हो चुकी है। विज्ञापनों में 80% तक डिस्काउंट के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं।

लेकिन रुकिए! ‘सेल’ के इस शोर में अक्सर हम जल्दबाजी कर बैठते हैं। नतीजा? वो सामान भी खरीद लेते हैं जिसकी जरूरत ही नहीं थी या फिर नकली डिस्काउंट के फेर में पैसा गंवा बैठते हैं।

अगर आप भी इस बार नया फोन, स्मार्ट टीवी, लैपटॉप या घर का कोई सामान खरीदने की सोच रहे हैं, तो ‘बाय नाऊ’ का बटन दबाने से पहले यह शॉपिंग गाइड समझ लीजिए:

कहां से क्या खरीदें: ऑनलाइन vs ऑफलाइन

हर सामान ऑनलाइन खरीदना अक्लमंदी नहीं है और न ही हर चीज के लिए बाजार के चक्कर काटना जरूरी है। अपनी शॉपिंग लिस्ट को इन दो हिस्सों में बांट लें:

1. ऑनलाइन खरीदारी

  • ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स: स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्टवॉच, हेडफोन और टैबलेट।
  • लार्ज होम एप्लायंसेज: स्मार्ट टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और एसी।

इन्हें ऑनलाइन खरीदने की वजह

  • ज्यादा डिस्काउंट: सेल के दौरान दिखने वाला बड़ा डिस्काउंट सिर्फ बैंक की तरफ से नहीं होता। ई-कॉमर्स कंपनियां और ब्रांड्स बल्क सेल के मार्जिन से कीमत कम करते हैं। रिटेल दुकानदारों के पास इतना बजट नहीं होता, इसलिए वे अकेले इतना डिस्काउंट नहीं दे पाते।
  • बेहतर कीमत: ई-कॉमर्स कंपनियों के पास री-फर्निश्ड नेटवर्क होता है। वे आपके पुराने फोन या टीवी की ऐसी एक्सचेंज वैल्यू दे देती हैं, जो लोकल दुकानदार के लिए मुमकिन ही नहीं है।
  • सटीक जानकारी: प्रोसेसर वेरिएंट, डिस्प्ले या रैम स्पीड जैसे फीचर्स की तुलना आसानी से कर सकते हैं। दुकान पर सेल्समैन अक्सर वही मॉडल बेचने की कोशिश करता है जो स्टॉक में हो।

2. ऑफलाइन खरीदारी

  • फैब्रिक व कपड़े: कपड़े, साड़ियां, एथनिक वियर और रेडीमेड गारमेंट्स।
  • पूजा का सामान: मिट्टी के दीये, सजावटी लाइटें, फूल, बंदनवार, रंगोली और पूजन सामग्री।
  • होम व किचन: पीतल, तांबे या स्टील के बर्तन, क्रॉकरी और किचन का छोटा-मोटा सामान।
  • फर्नीचर व होम डेकोर: लकड़ी का सोफा, सेंटर टेबल, डाइनिंग टेबल, गद्दे और बड़े शो-पीस।

इन्हें ऑफलाइन खरीदने की वजह:

  • भरोसा: कपड़ों की फिटिंग, फैब्रिक क्वालिटी, बर्तन का वजन और फर्नीचर की मजबूती। ये ऐसी चीजें हैं जिन्हें आप खुद छूकर, पहनकर और परखकर ही सही अंदाजा लगा सकते हैं।
  • मोलभाव: लोकल बाजारों में आप सीधे दुकानदार से बात करके अपनी पसंद की कीमत पर मोलभाव कर सकते हैं। कई बार बल्क खरीदारी पर दुकानदार अच्छी छूट दे देते हैं।
  • डिलीवरी: सामान पसंद आया, पैसे दिए और तुरंत घर ले आए। ऑनलाइन शॉपिंग की तरह 3-4 दिन डिलीवरी या ‘आउट ऑफ स्टॉक’ होने का झंझट नहीं होता।
  • रिटर्न: अगर साइज या फिटिंग की कोई समस्या आती है, तो आप तुरंत दुकान पर जाकर एक्सचेंज कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन कूरियर पिकअप का इंतजार नहीं करना पड़ता।

मैक्सिमम डिस्काउंट पाने की स्मार्ट ट्रिक्स

अगर आप इस फेस्टिव सीजन में ज्यादा से ज्यादा बचत करना चाहते हैं, तो सिर्फ ‘बाय नाउ’ का बटन दबाने के बजाय इन स्मार्ट शॉपिंग ट्रिक्स का इस्तेमाल करें:

  • स्मार्ट कार्ट स्ट्रैटेजी: कई बार ₹9,800 का सामान खरीदने पर ₹1,000 का बैंक डिस्काउंट नहीं मिलता क्योंकि मिनिमम लिमिट ₹10,000 होती है। ऐसे में कार्ट में ₹200-300 का कोई छोटा-मोटा रेगुलर इस्तेमाल का सामान जोड़ दें। ऐसा करने से कार्ट वैल्यू ₹10,000 हो जाएगी और आपको तुरंत ₹1,000 की बड़ी छूट मिल जाएगी।
  • रिवॉर्ड पॉइंट्स और कूपन क्लबिंग: पेमेंट पेज पर जाने से पहले अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स और ई-कॉमर्स एप के कूपन को अप्लाई करना न भूलें। बैंक इंस्टेंट डिस्काउंट के ऊपर कूपन और रिवॉर्ड पॉइंट्स क्लब होकर आपकी फाइनल कीमत को काफी कम कर देते हैं।
  • एक्सचेंज बोनस का सही इस्तेमाल: अगर आपके घर में पुराना फोन या लैपटॉप पड़ा है, तो सेल के दौरान मिलने वाले ‘एक्सचेंज टॉप-अप बोनस’ का फायदा उठाएं। त्योहारी सीजन में कंपनियां पुराने सामान की नॉर्मल वैल्यू के ऊपर एडिशनल एक्सचेंज बोनस देती हैं।

ऑनलाइन शॉपिंग की जरूरी चेकलिस्ट

1. डार्क पैटर्न और फेक डिस्काउंट

सेल के दिनों में दिखने वाले ‘80% ऑफ’ के पोस्टर हमेशा सच नहीं होते।

  • सेल शुरू होने से 1-2 हफ्ते पहले कंपनियां सामान की एमआरपी बढ़ा देती हैं और फिर सेल के दिन उस पर बड़ा डिस्काउंट दिखाकर आपको बेवकूफ बनाती हैं।
  • किसी भी डील पर भरोसा करने से पहले प्राइस हिस्ट्री या कीपा जैसी वेबसाइट्स पर प्रोडक्ट का लिंक पेस्ट करें। इससे आपको पिछले 3-6 महीनों का प्राइस ग्राफ दिख जाएगा।

2. कार्ड, कैशबैक्स और नो-कॉस्ट EMI

  • विज्ञापनों में ‘10% इंस्टेंट डिस्काउंट’ और ‘नो-कॉस्ट EMI’ बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा होता है, लेकिन इसके पीछे की शर्तें (T&C) छोटे अक्षरों में छिपी होती हैं:
  • ‘10% डिस्काउंट’ का मतलब यह नहीं कि ₹1 लाख के लैपटॉप पर ₹10,000 छूट मिलेगी। हर कार्ड की एक ‘मैक्सिमम डिस्काउंट लिमिट’ और मिनिमम खरीदारी की सीमा तय होती है।
  • नो-कॉस्ट EMI में भले ही ब्याज शून्य दिखे, लेकिन बैंक अक्सर ₹199 से ₹299 तक की नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग फीस और उस ब्याज पर 18% GST अलग से जोड़ लेते हैं।
  • पुराना फोन एक्सचेंज करते वक्त स्क्रीन पर दिखने वाली मैक्सिमम वैल्यू तभी मिलती है जब फोन में एक भी स्क्रैच न हो और डिब्बा-अडैप्टर साथ हो।

3. ‘इम्पल्स बाइंग’ यानी बिना जरूरत की खरीदारी

‘सेल खत्म होने में 10 मिनट बाकी’ या ‘केवल 2 पीस बचे हैं’ जैसे मैसेज सिर्फ आपको डराकर जल्दबाजी में खरीदारी कराने के लिए बनाए जाते हैं। खरीदारी से पहले पेन-पेपर लेकर अपनी ‘जरूरत’ और विशलिस्ट अलग-अलग लिखें। बजट सिर्फ जरूरत की चीजों पर खर्च करें।

4. वारंटी, रिटर्न और हिडन चार्जेस

चेकआउट पेज पर जल्दबाजी में ‘पेमेंट’ बटन न दबाएं…

  • रिटर्न पॉलिसी जरूर जांचें: ध्यान दें कि प्रोडक्ट ‘नॉन-रिटर्नेबल’ है या ‘रिप्लेसमेंट ओनली’। अगर सामान खराब निकला और रिटर्न पॉलिसी नहीं है, तो आपके पैसे फंस जाएंगे।
  • ओपन-बॉक्स डिलीवरी: महंगा फोन या टीवी मंगवाया है, तो डिलीवरी बॉय के सामने ही बॉक्स खुलवाएं। OTP तभी दें जब आप देख लें कि अंदर सही और सुरक्षित सामान है।
  • ब्रांड वारंटी vs सेलर वारंटी: हमेशा चेक करें कि वारंटी ‘ऑफिशियल ब्रांड’ की मिल रही है या थर्ड-पार्टी सेलर की। सेलर वारंटी का सर्विस सेंटर में क्लेम मिलना मुश्किल होता है।

5. फेक रिव्यूज और सेलर की रेटिंग पहचानें

ऑनलाइन सामान बेच रहे हर सेलर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें:

  • 5-स्टार रिव्यूज: अगर किसी प्रोडक्ट पर सिर्फ 5-स्टार रेटिंग है और कमेंट्स में ‘Very Good’, ‘Nice Product’ जैसे छोटे-छोटे एक जैसे वाक्य लिखे हैं, तो वे पेड रिव्यूज हो सकते हैं। हमेशा 2-स्टार और 3-स्टार वाले जेनुइन रिव्यूज पढ़ें।
  • सेलर रेटिंग चेक करें: प्रोडक्ट पेज पर ‘फुलफिल्ड बाय अमेजन/फ्लिपकारक्ट’ या एश्योर्ड टैग जरूर देखें। सेलर की रेटिंग 4 स्टार से कम हो तो वहां से खरीदने से बचें।

6. ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर सेफ्टी

त्यौहारों के मौसम में हैकर्स और ठग भी काफी एक्टिव हो जाते हैं:

  • फर्जी लिंक्स से बचें: वॉट्सअप या एसएमएस पर आए “फ्लिपकार्ट पर ₹99 में आईफोन” जैसे लुभावने लिंक्स पर कभी क्लिक न करें।
  • सुरक्षित पेमेंट: हमेशा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के ऑफिशियल एप या वेब एड्रेस में ‘https://’ और लॉक का निशान देखकर ही कार्ड या यूपीआई से पेमेंट करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.