लोहे की सीढ़ी हाईटेंशन लाइन से छूई, 2 की मौत:हरदोई में कैमरा लगाने जा रहे थे; सवायजपुर में पेट्रोल पंप के पास हादसा


हरदोई के सवायजपुर में बुधवार शाम करीब 5 बजे करंट लगने से दो मजदूर झुलस गए। दोनों लोहे की सीढ़ी लेकर पैदल रूपापुर जा रहे थे। रास्ते में सीढ़ी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। कैमरा लगाने जा रहे थे दोनों मजदूर हादसा रूपापुर-पाली मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान सूरज (24) पुत्र शौकिन निवासी कंजरपुरवा और अजय (25) पुत्र रामदयाल निवासी मुंडेर के रूप में हुई है। दोनों रूपापुर स्थित शराब के ठेके पर कैमरा लगाने के काम से जा रहे थे। सीढ़ी लाइन से छूते ही लगा करंट बताया गया कि दोनों मुंडेर से पैदल रूपापुर की ओर जा रहे थे। उनके साथ लोहे की सीढ़ी थी। पेट्रोल पंप के पास ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से सीढ़ी छू गई। इसके बाद दोनों करंट की चपेट में आकर झुलस गए और सड़क पर गिर पड़े। CHC से जिला अस्पताल किया गया रेफर हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी सवायजपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। सूरज की 8 साल पहले हुई थी शादी परिजनों के मुताबिक सूरज की शादी करीब 8 साल पहले नीलम से हुई थी। उसकी एक साल की बेटी अर्पिता है। सूरज रूपापुर में जूता पॉलिश कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और बेटी के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। अजय अविवाहित था, कबाड़ बीनकर करता था गुजारा अजय अविवाहित था। वह कबाड़ बीनने का काम करता था। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसा लोहे की सीढ़ी के 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से होना बताया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *