Prayagraj Census 2027 Training | Field Survey Practice in Devprayag Colony

प्रयागराज3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय ट्रेनिंग का पहला चरण बुधवार को पूरा हुआ। शम्भूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, झलवा में आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियों के साथ डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने और दर्ज करने की जानकारी दी।

ट्रेनिंग के बाद फील्ड ट्रेनरों को वास्तविक परिस्थितियों में जनगणना कार्य का अभ्यास कराने के लिए प्रशिक्षण स्थल के पास देवप्रयाग कॉलोनी ले जाया गया। यहां प्रशिक्षुओं ने घर-घर जाकर प्रगणना से जुड़े कार्यों और डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन व प्रविष्टि की प्रक्रिया को व्यवहारिक तौर पर समझा। अधिकारियों का कहना है कि फील्ड अभ्यास का उद्देश्य ट्रेनरों को वास्तविक क्षेत्र में आने वाली परिस्थितियों के लिए तैयार करना है।

अब प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को देंगे ट्रेनिंग प्रशिक्षण पूरा करने वाले फील्ड ट्रेनर अब अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। उन्हें जनगणना के दौरान अपनाई जाने वाली निर्धारित प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद यही टीम फील्ड में जनगणना के कार्य को आगे बढ़ाएगी।

16 नवंबर से स्व-गणना, दिसंबर से जनसंख्या गणना जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना कराई जाएगी। गणना के बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य होगा।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मौके पर एंबुलेंस और नगर निगम की टीम भी तैनात रही। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। प्रशिक्षण के सफल समापन पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी विनीता सिंह ने फील्ड ट्रेनरों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ के सहायक निदेशक/प्रभारी, मास्टर ट्रेनर और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *