![]()
साइबर ठग नए नए हथकंडे अपनाकर लोगों के साथ ठगी करने से नहीं चूक रहे। साइबर ठगों ने अब ATS अधिकारी बनकर वृंदावन में एक बुजुर्ग के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। साइबर ठगों ने बुजुर्ग को 3 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। बुजुर्ग ने जब उनके बताए खाते में 30 लाख रुपए डाल दिए तब जाकर वीडियो कॉल कट की। बुजुर्ग को जब अपने साथ हुई ठगी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 28 सितंबर से शुरू हुआ कॉल आना वृंदावन के हरि निकुंज इलाके की एक इमारत में रहने वाले रतन लाल अग्रवाल के पास 28 सितंबर को एक व्हाट्स एप वीडियो कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने अपने को ATS का अधिकारी बताया। इसके बाद उनके पास शाम को दोबारा कॉल आई और कहा उनकी पत्नी का नंबर अपराध करने में प्रयोग किया जा रहा है। कॉल करने वाले ने कहा पत्नी के मोबाइल नंबर पर आई डी रतन लाल अग्रवाल की लगी हुई है। इसलिए पूरा परिवार जेल जाएगा। यह सुनकर रतन लाल अग्रवाल डर गए। उन्होंने कॉल करने वाले से मिन्नत करना शुरू कर दिया। 3 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट रतन लाल के डर का साइबर ठगों ने फायदा उठाया। इसके बाद साइबर ठगों ने रतन लाल अग्रवाल को 3 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और उन पर लगातार व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल के जरिए नजर बनाए रखी। कॉलर ने रतन लाल के डर को देखते हुए उनसे कहा कि वह 30 लाख रुपए का इंतजाम कर लें। इसके बाद एक खाता नंबर दिया गया और कहा कि पैसा इस खाते में ट्रांसफर कर दिया जाए। इसके साथ ही धमकी दी कि किसी को सूचना दी तो वह पूरे परिवार को गिरफ्तार कर ले जायेंगे। पैसा ट्रांसफर होने पर हुई ठगी की जानकारी रतन लाल अग्रवाल ने अपनी जमा पूंजी एकत्रित की और 30 लाख रुपए ठगों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने कॉल कट कर दी। इस बात की जानकारी रतन लाल अग्रवाल ने अपने बेटे को दी तो पता चला कि उनके साथ ठगी हो गई है। बेटे ने ऑनलाइन मथुरा पुलिस को शिकायत की। जिसके बाद शिकायत को साइबर थाना ट्रांसफर कर दिया गया। जहां पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया। पुलिस कर रही जागरूक साइबर ठगों से बचने के लिए पुलिस लगातार जागरूक कर रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हर दिन पोस्ट की जाती है। जगह जगह कैंप लगाकर लोगों को साइबर ठगों से बचने के लिए कहा जाता है। लेकिन इसके बावजूद साइबर ठग अपना शिकार तलाश ही लेते हैं। फ़िलहाल इस मामले में पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
मथुरा में ATS अधिकारी बनकर बुजुर्ग से ठगी:3 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर शुरू की जांच