2 महीने के बच्चे के साथ संदिग्ध महिला पकड़ी:ऑपरेशन मुस्कान में जीआरपी ने बच्चे को बचाया, बाल कल्याण समिति को सौंपा


मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दो माह के बच्चे को लेकर ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला को शनिवार शाम जीआरपी ने संदिग्ध परिस्थितियों में गिरफ्तार कर लिया। महिला बच्चे के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है। अब पुलिस बच्चे के परिजनों और उसे महिला को सौंपने वाली अज्ञात महिला की तलाश में जुटी है। जीआरपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के अनुसार ऑपरेशन मुस्कान के तहत मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक महिला दो माह के बच्चे को लेकर ट्रेन का इंतजार करती दिखाई दी। महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम मालती (काल्पनिक नाम) और निवासी भवानी मंडी, जिला झालावाड़, राजस्थान बताया। पुलिस ने जब महिला से बच्चे के बारे में जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। महिला ने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है और यह बच्चा उसे किसी अज्ञात महिला ने दिया है। हालांकि, वह न तो उस महिला का नाम-पता बता सकी और न ही बच्चे को सौंपे जाने की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी दे पाई। महिला के बयानों में विरोधाभास और बच्चे के संबंध में स्पष्ट जानकारी न मिलने पर जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है। जीआरपी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चा किसका है और उसे महिला तक पहुंचाने वाली अज्ञात महिला कौन है। मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *