गोरखपुर में 1000 पुरुष मतदाताओं पर सिर्फ 831 महिला वोटर:लक्ष्य 944 का, 180 बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा


विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच गोरखपुर में मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा। जिले में हर 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 944 महिला मतदाताओं का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन वर्तमान सूची में यह अनुपात सिर्फ 831 है। यानी लक्ष्य के मुकाबले हर 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 113 महिलाएं कम हैं। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में कम महिला अनुपात वाले बूथ चिह्नित किए जा रहे हैं। शुरुआत में 180 बूथों पर विशेष अभियान चलाकर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ने महिला कल्याण, उच्च व माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण विभाग को भी अभियान में सहयोग करने के लिए अपील की है। जिले में महिला-पुरुष मतदाताओं के अनुपात में अंतर कम करने के लिए सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे बूथ चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है। यहां परिवारों से संपर्क कर उनके यहां की महिलाओं को मतदाता बनाया जाएगा। शुरू में 180 बूथों पर चलेगा अभियान शुरू में जिले की 180 बूथों पर विशेष अभियान चलाकर छूटी हुई पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। साथ ही पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं और अन्य पात्र लोगों के भी फार्म-6 भरवाए जाएंगे। एसआइआर के बाद जिले में महिला मतदाताओं का अनुपात 831 प्रति एक हजार पुरुष मतदाता है, जबकि लक्षित अनुपात 944 है। इसी अंतर को कम करने के लिए बूथ स्तर पर दोबारा पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को कम महिला मतदाता वाले बूथों पर स्थिति की वजह पता करने के साथ पात्र महिलाओं के नाम सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी दी गई है। नवविवाहित महिलाओं पर भी होगा जोर अभियान का दायरा केवल छूटी महिलाओं तक सीमित नहीं है। हाल में विवाह के बाद जिले में आई नवविवाहिताओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को पहली बार मतदाता बनाने के लिए भी फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। बेघर और दिव्यांग पात्र मतदाताओं को भी सूची में शामिल कराने का निर्देश है।
जानिए किस विधानसभा में क्या है महिला-पुरुष अनुपात
विधानसभा क्षेत्रों में खजनी का महिला मतदाता अनुपात सबसे कम 792 है। इसके बाद बांसगांव में 802, चिल्लूपार में 811, सहजनवा में 812, कैंपियरगंज में 824, चौरीचौरा में 829, पिपराइच में 831, गोरखपुर ग्रामीण में 861 और गोरखपुर शहर में 897 है। शहर का अनुपात जिले में सर्वाधिक होने के बावजूद 944 के अपेक्षित स्तर से कम है। एसआइआर के बाद जिले में कुल 32,61,138 मतदाता हैं। इनमें 17,81,095 पुरुष और 14,79,852 महिला मतदाता हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सबसे कम महिला अनुपात वाले बूथ चिह्नित कर एसडीएम को सूची दी गई है। इन बूथों पर महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ अन्य पात्र लोगों के भी फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि चुनाव से पहले कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *