![]()
लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद फैजुल्लागंज के प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं । शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाख जी.और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर लोगों को आवश्यक दवाएं और जरूरत का सामान भी वितरित किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनकी अलग सूची तैयार करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिकता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। तीन राहत शिविर, 24 नावें तैनात अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में तीन बाढ़ राहत शिविर और एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। मेडिकल कैंप के जरिए लोगों को उपचार और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसडीएम सदर ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 24 नावें और आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर तैनात किए गए हैं। डीएम ने 10 अतिरिक्त नावों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। नावों से पहुंचाया जाएगा जरूरी सामान फैजुल्लागंज में अलग-अलग शिफ्ट में तीन एडीएम, एसडीएम और तहसीलदारों की टीम निगरानी कर रही है। डीएम ने निर्देश दिए कि नावों के माध्यम से प्रभावित इलाकों में खाद्य सामग्री, दवाओं समेत अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति लगातार सुनिश्चित की जाए। फॉगिंग के साथ एंटी-लार्वा छिड़काव नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित इलाकों में नावों के जरिए नियमित फॉगिंग कराई जा रही है। डीएम ने फॉगिंग के साथ एंटी-लार्वा का छिड़काव भी लगातार कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव के कारण मच्छरों पर रोक लगाई जा सके। पानी में जमा कूड़े-कचरे को भी नावों के जरिए हटाने को कहा गया।
Source link
लखनऊ में गोमती नदी का जल स्तर बढ़ा:फैजुल्लागंज में डीएम और जेसीपी ने नाव से लिया जायजा ,तीन राहत शिविर और 24 नावें तैनात