रामपुर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर:छात्राओं को टेंट लगाने और उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई


रामपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सैदनगर में भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद रामपुर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर का आयोजन बीएसए कल्पना देवी और मुख्य आयुक्त बलराम सिंह के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन की शुरुआत छात्राओं को ध्वज शिष्टाचार का प्रशिक्षण देकर हुई। मास्टर ट्रेनर गुरप्रीत सिंह और कुशल राणा ने छात्राओं को टेंट लगाने के लिए आवश्यक सामग्री के उपयोग और उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। छात्राओं को एनी बेसेंट, कस्तूरबा गांधी और रानी लक्ष्मीबाई टोली में विभाजित किया गया। ब्लॉक स्काउट मास्टर राम बहादुर गौतम और शमशी बी ने टोली लीडर एवं सहायक टोली लीडरों की नियुक्ति की। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राओं ने टेंट पिचिंग का अभ्यास किया। छात्राओं ने आकर्षक टेंट तैयार कर उन्हें प्राकृतिक वस्तुओं से सजाया। शिविर में बिना आग और बिना बर्तन के भोजन तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इससे छात्राओं को विषम परिस्थितियों में आत्मनिर्भर रहने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की जानकारी मिली। समापन समारोह के दौरान वार्डन रितु गुप्ता और प्रशिक्षक टीम ने टेंटों का निरीक्षण कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को स्काउट-गाइड के माध्यम से देश सेवा, नैतिक शिक्षा, अनुशासन और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। अंत में वार्डन रितु गुप्ता ने सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन स्वाति भंडारी ने किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *