सीतापुर के 8 मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी:2 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित, ड्रोन से घरों की निगरानी


सीतापुर में बैराजों से छोड़े जा रहे लाखों क्यूसेक पानी के कारण सरायन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 90 सेंटीमीटर से अधिक ऊपर पहुंच गया है। मंगलवार दोपहर बाद नदी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को जलस्तर बढ़ने से मुख्य बाजार से दुर्गापुरवा जाने वाला मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। शहर के निचले इलाकों में तेजी से पानी बढ़ने से करीब 8 मोहल्ले बाढ़ की चपेट में हैं और दो हजार से अधिक परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। बट्सगंज मोहल्ले में किनारे बने बंधे से पानी निकलने लगा। इससे एक दर्जन से अधिक घरों में पानी घुस गया। इसके अलावा आलमनगर, नई बस्ती, दुर्गापुरवा, ताड़कनाथ मंदिर, तरीनपुर, शास्त्रीनगर, अहाताकप्तान और केशव ग्रीन सिटी समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश बाढ़ की स्थिति को देखते हुए डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन, प्रभारी ईओ सीमा सिंह समेत अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से बातचीत कर समस्याएं जानीं और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। डीएम ने लोगों से जोखिम न उठाने और राहत शिविरों में जाने की अपील की। केशव ग्रीन सिटी, तरीनपुर और शास्त्रीनगर के कुछ परिवार घर छोड़ने से इसलिए बच रहे हैं कि सामान की चोरी न हो जाए। डीएम और एसपी अंकुर अग्रवाल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस घरों की सुरक्षा करेगी और जान जोखिम में डालकर घरों में न रहें। ड्रोन कैमरों से निगरानी के निर्देश बाढ़ प्रभावित इलाकों में पुलिस की ड्यूटी बढ़ाने के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि सभी परिवार प्रशासन का सहयोग करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाएं। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *