![]()
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में छात्र संघ बहाली और छात्र यासिर फहद के निलंबन के विरोध में चल रहे धरने के दौरान सोमवार रात हंगामा हो गया। रात करीब 10 बजे एएमयू छात्र फैसल त्यागी अपने साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। फैसल के मुताबिक, वे धरने के समर्थन में आए थे। वहीं यासिर और उनके साथियों ने आरोप लगाया कि वे एएमयू प्रशासन के इशारे पर धरना खत्म कराने पहुंचे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। घटना के बाद भूख हड़ताल पर बैठे यासिर फहद ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। इसमें कुछ नामजद और अज्ञात युवकों पर धरना खत्म करने का दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने और अगवा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। धमकी और अगवा करने की कोशिश का आरोप यासिर के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे वह धरना स्थल पर बैठा था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और एएमयू प्रशासन के इशारे पर धरना खत्म कराने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की। धरने पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से वह बच सका। यासिर ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने, उनके मोबाइल की CDR की जांच कराने और मामले के पीछे की साजिश का पता लगाने की मांग की है। उसने खुद को खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की। इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। फैसल बोले- समर्थन देने गया था, मुझे ही पीटा फैसल त्यागी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ धरने का समर्थन करने पहुंचे थे। परिवार में गमी होने के कारण पिछले दिनों वह धरना स्थल पर नहीं आ सके थे। सोमवार को समर्थन देने पहुंचे तो उन्हें गलत समझ लिया गया। फैसल का आरोप है कि कुछ छात्रों और बाहरी युवकों ने उनके साथ हाथापाई की, जिसमें उन्हें चोट आई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने और पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। यासिर की तहरीर पुलिस को मिल चुकी है, जबकि फैसल भी शिकायत देने की बात कह रहे हैं। देर रात तक पुलिस ने किसी मुकदमे के दर्ज होने की पुष्टि नहीं की थी। दोनों पक्षों की शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अलीगढ़ में AMU धरनास्थल पर देर रात हंगामा-मारपीट:भूख हड़ताल पर बैठे छात्र ने धमकी-अगवा करने का आरोप लगाया, पुलिस से शिकायत