![]()
संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय में सांप के काटने के बाद 4 साल के बच्चे को एंटी स्नेक वेनम की जगह एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के आरोप का मामला सामने आया है। बच्चे का पिछले 120 घंटे से हसीना बेगम हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है। शनिवार दोपहर 1 बजे सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और CMO डॉ. तरुण पाठक ने मामले की संयुक्त जांच शुरू की। दोनों अधिकारियों ने करीब 4 घंटे तक जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में जांच की। 21 सितंबर को सांप ने काटा था बच्चा अदीब (4) तहसील संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का रहने वाला है। 21 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे घर में खेलते समय उसका कंचा दीवार के मौकले में चला गया था। कंचा निकालते समय सांप ने उसे काट लिया। करीब 20 मिनट बाद उसका चाचा तबारक हुसैन उसे इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में बच्चे को एंटी रैबीज और दर्द का इंजेक्शन व दवाएं दी गईं। शाम को उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। CCTV फुटेज और कर्मचारियों के बयान लिए शनिवार को तेज बारिश के बीच सिटी मजिस्ट्रेट और CMO जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल का CCTV फुटेज देखा। इसके साथ ही डॉ. चमन प्रकाश, फार्मासिस्ट मनोज सिंह और वार्डबॉय विपिन भटनागर के बयान दर्ज किए गए। बच्चे के चाचा तबारक हुसैन से भी घटना को लेकर जानकारी ली गई। इसके बाद दोनों अधिकारी हसीना बेगम हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चे के इलाज से जुड़ी जानकारी ली और डॉक्टर से भी बातचीत की। पहले CMS ने बनाई थी जांच कमेटी इस मामले में जिला संयुक्त चिकित्सालय के CMS डॉ. राजेंद्र सैनी ने शुक्रवार को जांच कमेटी बनाई थी। प्रथम दृष्टया फार्मासिस्ट मनोज सिंह को ड्यूटी से हटा दिया गया था। डॉ. चमन प्रकाश, वार्डबॉय विपिन भटनागर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दिनेश कुमार समेत ठेके के कर्मचारियों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था।बाद में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट और CMO की संयुक्त कमेटी गठित होने के बाद CMS की जांच को होल्ड कर दिया गया। बच्चे की हालत में 10% रिकवरी बताई सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि हसीना बेगम हॉस्पिटल में डॉ. अंकिता बच्चे का इलाज कर रही हैं। उनसे भी बातचीत की गई है। डॉक्टर के मुताबिक, बच्चे की हालत में पहले के मुकाबले करीब 10% रिकवरी हुई है, लेकिन वह अभी वेंटिलेटर पर है। DM को सौंपी जाएगी संयुक्त जांच रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मामले की संयुक्त रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सिटी मजिस्ट्रेट और CMO ने 4 घंटे जांच की:बच्चे को सांप काटने पर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने का आरोप, 120 घंटे से वेंटिलेटर पर