पवन खेड़ा बोले- ज्ञानेश कुमार को पीएम बनाना चाहिए:पद्म भूषण उनके लिए छोटी चीज; बंगाल BJP अध्यक्ष ने कहा था- CEC सम्मान के हकदार


कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण देने वाले बयान पर तंज कसा है। खेड़ा ने कहा कि पद्म भूषण बहुत छोटी चीज है, ज्ञानेश कुमार को प्रधानमंत्री बना देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो दूसरों को प्रधानमंत्री बना सकता है, उसे खुद प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए। दरअसल, समिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को ज्ञानेश कुमार की तारीफ करते हुए कहा था कि वह कम से कम पद्म भूषण के हकदार हैं। उन्होंने दावा किया कि कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा मुक्त विधानसभा चुनाव कराने और मतदाता सूची को “साफ” करने में अहम भूमिका निभाई। भट्टाचार्य ने यह भी दावा किया कि मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की गई। भट्टाचार्य ने क्या कहा? उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में पत्रकारों से बातचीत में भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने लंबे समय बाद ऐसा चुनाव देखा, जिसमें डर और हिंसा का माहौल नहीं था। उनके मुताबिक, लोगों को स्वतंत्र रूप से वोट डालने का मौका मिला और चुनाव के दौरान हत्या की घटनाएं नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि सीमा से लगे राज्य पश्चिम बंगाल में ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की। भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य की जनता CEC के काम से खुश है और उनके प्रति आभार जताती है। SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विवाद ज्ञानेश कुमार को लेकर यह बयान ऐसे समय आया है, जब चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विवाद चल रहा है। विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया कि दो चुनाव आयुक्तों ने SIR से जुड़े कुछ ऐसे फैसलों पर आपत्ति जताई, जिन्हें कथित तौर पर उनके नाम से लिया गया था। कांग्रेस ने CEC को हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन भी किए हैं। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट में चुनाव से जुड़े कुछ आदेशों और CEC द्वारा कथित तौर पर अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना किए गए सॉफ्टवेयर बदलावों को चुनौती देने वाली याचिका भी दाखिल की गई है। राहुल गांधी के बयान पर भी भट्टाचार्य का पलटवार राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए उन्हें “देशद्रोही” कहा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि ये लोग चुनाव में हेरफेर कर लोकतंत्र की बुनियाद को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भट्टाचार्य ने राहुल गांधी के इस बयान को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस खुद उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती और उनकी अपनी पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती। पवन खेड़ा ने इस्तीफे की मांग की पवन खेड़ा ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा, हित और भविष्य की रक्षा इसी में है। खेड़ा ने यह भी कहा कि अगर वह सरकारी गवाह बनते हैं तो सुरक्षित रहेंगे, नहीं तो आने वाला समय जेल में बीतेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *