![]()
कानपुर के बिधनू के खेरसा गांव में बुधवार को तालाब किनारे नीचे लटक रहा 11 केवी हाईटेंशन बिजली का तार युवक की मौत का कारण बन गया। मछली पकड़ने के दौरान उसका हाथ अचानक तार से छू गया। करंट लगते ही तेज धमाका हुआ और युवक बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी के समझाने के बाद वे राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो साथियों के साथ तालाब में गया था बिधनू थाना क्षेत्र के खेरसा गांव निवासी सीबू पुत्र विनोद ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। बुधवार को वह दो साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ने गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब के किनारे से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन काफी नीचे लटक रही थी। मछली पकड़ने के दौरान सीबू का हाथ तार से छू गया। करंट लगते ही तेज धमाका हुआ और वह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोनों युवक बाल-बाल बच गए। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और सीबू को बिधनू सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों में सबसे छोटा था सीबू सीबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपने पिता विनोद और मां कमला के साथ रहता था। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के पास हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटक रही थी। उनका आरोप है कि समय रहते तार ठीक करा दिए जाते तो हादसा टाला जा सकता था। पहले पोस्टमार्टम से किया इनकार सूचना पर बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान परिजनों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने परिजनों को समझाया। काफी देर बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Source link
कानपुर में करंट लगने से युवक की मौत:तालाब में मछली पकड़ने गया था, नीचे लटक रहे 11 केवी तार से हाथ छू गया