सूरत में कर्मचारी ने ₹24 करोड़ का सामान फूंका:मालिक ने वेतन का ₹10000 नहीं दिया तो ₹150 के पेट्रोल से मार्केट में आग लगाई


गुजरात में सूरत के संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात भीषण आग लग गई थी। अब इस मामले में क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को अरेस्ट किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 10 हजार रुपए के बकाया वेतन को लेकर मार्केट में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि अलग-अलग दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया था। इस घटना में कई दुकानदारों को 24 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की करवाई शुरू की है। एक दुकान में अकाउंटेंट था आरोपी क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान की आरोपी विनोद पंडित सावले (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट की दुकान नंबर 639 में स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के रूप में नौकरी शुरू की थी। उसे 30 हजार रुपए का मासिक वेतन मिलता था। आरोपी का कहना है कि मालिक सुमितभाई और हनुमान द्वारकाप्रसाद जवेर उसे काम नहीं आने की बात कहकर बहुत परेशान करते थे। इसी से तंग आकर उसने नौकरी छोड़ दी थी। नौकरी छोड़ने पर उसे 20 हजार रुपए ही दिए गए थे। उसका करीब 10 हजार रुपए वेतन बकाया था। बार-बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिल रही थी। इसी बात से गुस्सा होकर उसने मालिकों को सबक सिखाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसे नहीं पता था कि अन्य दुकानदारों को भी इससे भारी नुकसान हो जाएगा। 150 रुपए का पेट्रोल खरीदकर लाया था सूरत ज्वाइंट सीपी कर्णराज सिंह वाघेला ने बताया कि आरोपी विनोद ने पूछताछ में बताया कि उसने मालिक को सबक सिखाने के लिए मार्केट में आग लगाने का फैसला किया था। 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे 150 रुपए का पेट्रोल प्लास्टिक की बोतल में खरीदा और उसे अपने बैग में रख लिया थी। इसके बाद वह बिल्डिंग की सीढ़ियों पर बैठकर उसने पूरे मार्केट के खाली होने के इंतजार किया। रात करीब साढ़े 12 बजे जब पूरा मार्केट खाली हो गया तो उसने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली और दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस लगा दी और भाग निकला।
अगले दिन न्यूज चैनल पर देखा कि उसके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है अगले दिन सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर आग की खबर देखने के बाद उसे पता चला कि भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद उसे न्यूज चैनलों से यह भी पता चला कि सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान हो गई है और FIR भी दर्ज हो गई है तो वह डर गया। अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर पत्नी और बच्चे के साथ राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर चला गया। वहां से अयोध्या पहुंचा। बीते दिन ही रविवार को वह सूरत लौटा था। मुखबिरों की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *