![]()
नेपाल कैसिनो में 10 लाख रुपये हारने वाले पति ने गोरखपुर आकर पत्नी को बेरहमी से पीट दिया। धमकी दी कि अपने बाप से 5 लाख रुपये और कार मांगकर लाओ, वरना जान से मार दूंगा। पीड़िता का कहना है कि उसका पति नेपाल के कैसिनो में जुआ खेलने का आदी है। आए दिन घर में मारपीट करता है। बार-बार मायके से पैसा लाने के लिए बोलता है। मेरी दो बेटियां हैं, मुझे अब उनकी चिंता सता रही है। पीड़ित महिला की तहरीर पर तिवारीपुर पुलिस ने रविवार रात पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 2021 में धूमधाम से हुई थी शादी
रामगढ़ताल क्षेत्र की प्रीति निषाद की शादी तिवारीपुर क्षेत्र के माधोपुर निवासी अरुण कुमार निषाद से 25 मई 2021 को हुई थी। पीड़िता ने बताया कि पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से शादी में 4 लाख रुपये नकद, डबल बेड, सोफा, अलमारी, फ्रिज, कूलर, सोने की चार अंगूठी, दो सोने की चेन और घर-गृहस्थी का पूरा सामान उपहार स्वरूप दिया था। शादी के अगले दिन विदाई हुई थी। एक हफ्ते बाद ही बदल गया ससुराल का रवैया
पीड़िता के मुताबिक शादी के एक हफ्ते बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि सास पार्वती देवी और पति अरुण ने ताना देना शुरू कर दिया कि अपने पिता से चार पहिया गाड़ी मांग कर लाओ। कहा कि अपनी जमीन बेचकर गाड़ी और 5 लाख रुपये नकद लेकर आओ, तभी तुम्हें इस घर में रहने देंगे। जब पीड़िता ने रोते हुए कहा कि मेरे पिता के पास अब देने के लिए रुपये नहीं हैं, तो पति बुरी तरह मारने-पीटने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति अक्सर कहता है कि मैं नेपाल के कैसिनो में काफी रुपये जुए में हार गया हूं और मुझ पर लगभग 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया है। पीड़िता और उसके पति की दो छोटी बच्चियां हैं। बड़ी बेटी 4 साल की आर्या और छोटी 2 साल की नव्या है। इसके बावजूद पति की प्रताड़ना कम नहीं हुई। पीड़िता के मुताबिक वह जुए के साथ-साथ शराब का भी आदी है। इसको लेकर ससुराल और मायके पक्ष में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल वालों की प्रताड़ना जारी रही। 7 सितंबर की रात की घटना
पीड़िता ने बताया कि 7 सितंबर 2026 की रात करीब 11:20 बजे उसका पति नेपाल कैसिनो से जुआ खेलकर नशे में धुत होकर घर आया। आते ही उसने 5 लाख रुपये अपने मायके से मंगवाने की मांग की। मना करने पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारने-पीटने लगा। शोर सुनकर सास पार्वती देवी, जेठानी सुधा देवी और देवर अनूप भी वहां आ गए। आरोप है कि तीनों ने कहा कि आज इस चुड़ैल को जान से मारकर फेंक दो और हम तुम्हारी दूसरी शादी करा देंगे। इस मारपीट में पीड़िता को काफी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना के बाद पीड़िता ने 10 सितंबर को तिवारीपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर 20 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया है। केस की विवेचना शुरू कर दी गई है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
Source link
नेपाल कैसिनो में 10 लाख हारकर पति ने किया बवाल:गोरखपुर आकर पत्नी को बेरहमी पीटा, बोला- अपने बाप पैसे मांगकर लाओ