![]()
फतेहपुर में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के विशेष नाट्य मंचन होंगे। ये आयोजन 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक सभी 6 विधानसभाओं में कुल 174 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन के रूप में किए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक नमो सेवा गाथा जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, सह संयोजक गौरव शुक्ला और जिला प्रवक्ता प्रसून तिवारी मौजूद रहे। इन नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की सार्वजनिक जीवन यात्रा को दिखाया जाएगा। इसमें राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण के प्रयास और सुशासन से देश में आए बदलावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा। बताया गया कि नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन (17 सितंबर) से 17 अक्टूबर तक भाजपा “सेवा संकल्प अभियान” चला रही है। यह उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर 13 मुख्य कार्यक्रमों में से एक है। 17 सितंबर को शाम 6-7 बजे हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना की गई। वडनगर से वाराणसी तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ भी चल रही है, जिसका जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत ‘विकसित भारत’ थीम पर छात्रों के लिए ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी होगी। ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अपनी सफलता की कहानियां साझा की जा रही हैं।
Source link
फतेहपुर में 'नमो सेवा अनकही कहानियां' का नाट्य मंचन:174 जगहों पर दिखेगी PM मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा