![]()
कासगंज जिले के सिटी रेलवे स्टेशन पर दो रेलकर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक कर्मचारी ने दूसरे के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मारपीट का वीडियो भी रविवार को सामने आया है। घायल कर्मचारी की पहचान कल्याणपुर रोड गढ़ी अड्डा निवासी राजेश के रूप में हुई है। राजेश कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वे घर जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे कर्मचारी शीलेन्द्र वहां पहुंच गया और किसी बात को लेकर उनसे विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शीलेन्द्र ने हथौड़े से राजेश के सिर पर वार कर दिया। हमले में राजेश के सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद घायल कर्मचारी राजेश के बेटे ने जीआरपी थाना कासगंज में आरोपी शीलेन्द्र के खिलाफ शिकायत दी है। जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
कासगंज में रेलकर्मी ने दूसरे पर डंडे से किया हमला:सिटी स्टेशन पर हुई मारपीट, एक गंभीर रूप से घायल