![]()
उन्नाव शहर में देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने हाइट गेज तोड़ दिया। इसके बाद ट्रक ने एक फल विक्रेता के ठेले को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में 60 वर्षीय फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। घायल फल विक्रेता की पहचान प्रयाग नारायण खेड़ा निवासी 60 वर्षीय राम कुमार कश्यप के रूप में हुई है। वह शहर के मोती नगर में शगुन स्वीट्स के पास फल का ठेला लगाते हैं। बताया गया कि राम कुमार देर रात ठेला लगाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। तभी हरदोई पुल के पास जॉनसन पब्लिक स्कूल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलने पर राम कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे। उनके बेटे ने गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर कानपुर रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक लखनऊ बाईपास की ओर से हरदोई पुल की तरफ जा रहा था। रास्ते में ट्रक ने हाइट गेज को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ट्रक आगे बढ़ा और फल विक्रेता के ठेले को टक्कर मार दी। इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर भी जानकारी जुटा रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली सीके मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में बेकाबू ट्रक ने हाइट गेज तोड़ा,:फल विक्रेता जख्मी, गंभीर हालत में कानपुर रेफर