![]()
कौशाम्बी की संदीपनघाट थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो ठगों को शनिवार दोपहर 3 बजे गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने मथुरा के एक युवक से शादी कराने का झांसा देकर मोटी रकम हड़प ली थी। उन्होंने न तो युवक की शादी कराई और न ही पैसे वापस किए। जानकारी के मुताबिक, मथुरा जिले के जैत थाना क्षेत्र के चकराया निवासी छैल बिहारी पुत्र स्व. रमन ने शुक्रवार, 18 सितंबर को संदीपनघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसकी शादी कराने का झांसा देकर उससे बड़ी रकम ले ली। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने शादी नहीं कराई। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष एन के नागर ने बताया कि शनिवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी इलाके में ही हैं। सूचना मिलते ही संदीपनघाट पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर सैय्यद सरावां तेरहमील मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कौशाम्बी निवासी विवेक कुमार पासी पुत्र स्व. राम विशाल (फरीदपुर सुलेम, थाना चरवा) और कल्लू उर्फ शियानन्द पुत्र स्व. लाला (उजिहिनी आइमा गोदाम, थाना संदीपनघाट) के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Source link
शादी के नाम पर ठगी करने वाले दो जालसाज गिरफ्तार:मथुरा के युवक से ऐंठे थे रुपये, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा