![]()
फिरोजाबाद में पति की पिटाई के आरोप में पीआरवी पर तैनात एक मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है। पत्नी ने डायल 112 पर शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस टीम पर पति से मारपीट का आरोप लगा है। पति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जिसके बाद पत्नी ने अधिकारियों से भी शिकायत की। यह मामला शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मलिखानपुर गांव का है। यहां रविवार रात फूलन देवी का पति नरेंद्र शराब के नशे में घर आया था। किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। बात बिगड़ने पर फूलन देवी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और नरेंद्र को थाने चलने के लिए कहा। बताया गया है कि इसी दौरान नरेंद्र की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने डंडों से नरेंद्र की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद नरेंद्र की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी मौके से चले गए। इसके बाद फूलन देवी ने अपने पति को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। फूलन देवी ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले की शिकायत की और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत को ध्यान में रखते हुए एसएसपी आदित्य लांग्हे ने मामले की जांच के आदेश दिए। साथ ही पीआरवी पर तैनात मुख्य आरक्षी रणवीर सिंह को तुरंत निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पति की पिटाई के आरोप में पीआरवी सिपाही निलंबित:पत्नी ने डायल 112 पर शिकायत की, पति को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अधिकारियों से भी शिकायत