जालौन में 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू:पीएम के जन्मदिन पर 'सेवा दिवस' कार्यक्रम, लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात


सेवा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को केंद्र में रखते हुए जालौन में गुरुवार से एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा दिवस- आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और कृषि क्षेत्र से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपना दल जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने किया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए पात्र लोगों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की ओर से तीन प्रशस्ति पत्र दिए गए। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने 50 स्वीकृति पत्र और तीन टूल किट प्रदान कीं। उद्योग विभाग की ओर से 10 सिलाई मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली लाभार्थियों को उपलब्ध कराई गईं। इससे स्वरोजगार और छोटे उद्यमों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में कृषि विभाग की ओर से 15 स्प्रेयर और दो कल्टीवेटर वितरित किए गए, जबकि उद्यान विभाग ने 15 स्प्रिंकलर टूल लाभार्थियों को प्रदान किए। वहीं आईटीआई के माध्यम से 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा गया। योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम में जनसेवा को विकास की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।वक्ताओं ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और वह अपनी आजीविका को मजबूत कर सके। ‘जिसने जीवन संवारा, उन्हें आशीर्वाद हमारा’ की भावना के साथ आयोजित सेवा दिवस कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया गया। अभियान के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *