चित्रकूट में तेज बारिश शुरू, तीन दिन का अलर्ट:मंदाकिनी में उफान की आशंका, रामघाट के लोग सतर्क


चित्रकूट जिले में बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कों पर सन्नाटा छा गया। बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा और जरूरी काम से निकले लोग भी बारिश से बचने के लिए सुरक्षित जगहों पर रुके। इस बारिश के चलते एक बार फिर मंदाकिनी नदी के जलस्तर को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों मध्य प्रदेश के जंगलों और कैचमेंट एरिया में हुई बारिश के कारण मंदाकिनी का जलस्तर तेजी से बढ़ा था। नदी का पानी रामघाट सहित आसपास के इलाकों तक पहुंच गया था। ऐसे में बुधवार को शुरू हुई बारिश के साथ लोगों की नजरें नदी के जलस्तर पर टिकी हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के जंगलों और कैचमेंट एरिया में होने वाली बारिश से असर पड़ता है। यदि बुधवार और आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के जंगलों में तेज बारिश होती है, तो इसका असर मंदाकिनी पर पड़ सकता है। इससे नदी का जलस्तर दोबारा बढ़ने की आशंका है। रामघाट क्षेत्र के दुकानदार और स्थानीय लोग भी बारिश के बाद नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क हैं। पिछले दिनों बाढ़ के दौरान रामघाट क्षेत्र में कई दुकानें और होटल पर असर पड़ा था। नदी का पानी उतरने के बाद भी कई जगहों पर मलबा और सिल्ट जमा है। मौसम विभाग ने जिले में अगले तीन दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर के साथ-साथ निचले इलाकों पर भी बनी हुई है। बारिश का दौर जारी रहने पर ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी भरने और आवागमन पर असर पड़ने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में आने वाले 72 घंटे चित्रकूट के लिए मौसम और मंदाकिनी के लिहाज से खास माने जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *