![]()
सरयू नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। बीते 24 घंटे में इसमें 10 सेंटीमीटर की कमी आई है। नदी अब खतरे के निशान 69.90 मीटर से 30 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। हालांकि, नदी की पूरी धारा धनौली रामपुर गांव के सामने तट से सीधे टकरा रही है और तेजी से बैकरोलिंग हो रही है। इससे खाकी बाबा कुटी, भारत माता मंदिर और शवदाह स्थल पर कटान का खतरा बढ़ गया है। गौरीशंकर घाट पर लगे मीटर गेज के अनुसार, सोमवार को सरयू का जलस्तर 69.80 मीटर था, जो मंगलवार को 10 सेंटीमीटर घटकर 69.70 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर घटने के साथ ही तटवर्ती इलाकों में कटान का खतरा बना हुआ है। खाकी बाबा कुटी के पास सिंचाई विभाग मऊ की टीम कटान रोकने में लगी है। वहीं, सरहरा पूरवे और परमहंस बाबा कुटी के सामने कटान नहीं रुक रही है, जिससे दोनों जगहों पर हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन बंधों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह अलर्ट है। नदी धीरे-धीरे बढ़ने लगी नदी की धारा सीधे मुक्ति धाम और धनौली रामपुर के सामने टकराने से सिंचाई विभाग परेशान है। करोड़ों रुपये की लागत से शवदाह स्थल के दक्षिण तरफ नदी की धारा मोड़ने के लिए बनाए गए परकूपाइन और ठोकर से कोई फायदा नहीं दिख रहा है। नदी की धारा शवदाह स्थल, भारत माता मंदिर, गौरीशंकर घाट और खाकी बाबा कुटी के पास सीधे टकरा रही है। रामजानकी घाट और डोमराजा घर के पास एक बार फिर नदी की बैकरोलिंग शुरू हो गई है। नवली गांव से लेकर रामपुर धनौली रिंग बंधों की ओर अब नदी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। तेज रफ्तार में बढ़ते जलस्तर से सुरक्षा में लगे बोल्डर खिसकने लगे हैं। खाकी बाबा कुटी के पास पहले जहां कटान से बोल्डर पिचिंग नदी में समा गया था, उसे भरने में सिंचाई विभाग मऊ की टीम लगी है।
Source link
सरयू नदी का जलस्तर घटा, बैकरोलिंग से कटान का खतरा:बीते 24 घंटे में 10 सेमी की कमी, खाकी बाबा कुटी और मंदिर भी चपेट में