![]()
प्रयागराज की जिला अदालत परिसर में मुकदमे की पैरवी करने पहुंचे अधिवक्ता को विपक्षियों ने धक्का देकर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने अधिवक्ता से मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया और कहा कि अगली बार सिर में गोली मार देंगे। कर्नलगंज पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मऊआइमा के किगिरिया का पूरा निवासी अधिवक्ता मान सिंह के मुताबिक, 9 सितंबर को वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए जिला न्यायालय आए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वह एसीजेएम कक्ष संख्या-9 के कार्यालय में तीसरी मंजिल पर अपनी फाइल देखने गए थे। इसी दौरान मऊआइमा के किगिरिया का पूरा निवासी अनिल कुमार यादव और नया पूरा निवासी मुकेश कुमार वहां पहुंच गए।
धक्का देकर करने लगे गालीगलौज
तहरीर के मुताबिक, दोनों ने उन्हें जबरन धक्का दिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि कहा कि पहले गोली मारी गई थी, लेकिन कम छेद हुए थे इसलिए बच गए। यदि जान की सलामती चाहते हो तो मुकदमे में समझौता कर लो। ऐसा नहीं करने पर अगली बार सिर में गोली मारने की धमकी दी गई। ‘इस बार हेलमेट नहीं बचाएगा’
अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पिछली घटना का जिक्र करते हुए धमकाया कि अगली बार सिर में गोली मारी जाएगी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि पिछली बार सिर पर हेलमेट होने के कारण बच गए थे, लेकिन दोबारा नहीं बचोगे। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि एक और मुकदमा हो जाएगा, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।
शर्ट उठाकर असलहा भी दिखाया
तहरीर के अनुसार, जब अधिवक्ता विवाद से बचने के लिए वहां से हटने लगे तो अनिल कुमार यादव ने कहा कि वह उनके लिए हमेशा असलहा लेकर चलता है। इसके बाद शर्ट उठाकर असलहा भी दिखाया। दोनों आरोपी अगली तारीख पर मिलने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
मई 2025 में अधिवक्ता को मारी गई थी गोली
मान सिंह पर पहले जानलेवा हमला हो चुका है। 4 मई 2025 को वह बाइक से न्यायालय जा रहे थे। सोरांव में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। इस मामले में अनिल कुमार यादव समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया था। अब उसी मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कर्नलगंज पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना को लेकर मान सिंह ने 14 सितंबर को कर्नलगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अनिल कुमार यादव और मुकेश कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे।
Source link
वकील को धमकाया, अगली बार सिर में मारेंगे गोली:प्रयागराज में पूर्व में हमला करने वालों ने कोर्ट परिसर में कहा- मुकदमे में सुलह कर लो