![]()
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मंगलवार सुबह बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बिन्दकी तहसील के अभयपुर-आशापुर गांवों के महुआ घाटी और बिन्दकी फार्म मजरे का जायजा लिया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत सामग्री, आवागमन और पीने के पानी सहित अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महुआ घाटी में बने बाढ़ राहत शिविर का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि शिविर में बच्चों को नियमित शिक्षा देने के लिए शिक्षक तैनात किए जाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि शिविर में स्वास्थ्य जांच कैंप लगाएं और खासकर गर्भवती महिलाओं व बच्चों को जरूरत के हिसाब से दवाएं दें। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं के चारे और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके बाद अधिकारियों ने औंग और मलवा थाना क्षेत्रों के कटरी गांवों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और पुलिस टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों का इस्तेमाल करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी बिन्दकी, सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता, आपदा विशेषज्ञ और खंड विकास अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Source link
फतेहपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर:डीएम-एसपी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का लिया जायजा, राहत व्यवस्था के निर्देश