कोलकाता, 14 सितंबर। TMC के बागी नेता और कूच बिहार सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि NCPI के 20 में से 17 सांसद BJP में शामिल होंगे। बसुनिया के मुताबिक, यह जॉइनिंग अक्टूबर में दुर्गा पूजा से पहले या बाद में होगी। सभी 17 सांसदों ने एक साथ BJP में जाने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि 20 सांसदों में से दो-तिहाई से ज्यादा के एक साथ दल बदलने पर एंटी-डिफेक्शन कानून लागू नहीं होगा। 20 में से कम से कम 14 सांसदों का साथ जाना जरूरी है। बसुनिया ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, “हम 17 सांसद एक साथ BJP में जा रहे हैं। चूंकि 20 सदस्यों में से दो-तिहाई से ज्यादा सांसद साथ जाएंगे, इसलिए एंटी-डिफेक्शन कानून हम पर लागू नहीं होगा।” 14 जून को TMC के 20 बागी सांसदों ने कम चर्चित नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का ऐलान किया था। इन सांसदों ने सत्तारूढ़ NDA को समर्थन भी दिया था। तीन सांसद BJP में शामिल नहीं होंगे बसुनिया ने कहा कि NCPI के 20 सांसदों में से अल्पसंख्यक समुदाय के तीन सांसद औपचारिक रूप से BJP में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने इसकी वजह अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति बताई। उन्होंने दावा किया कि सांसद अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान बाहर से NDA को समर्थन देंगे। बसुनिया ने कहा, “वे NDA का समर्थन करेंगे। उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां या विभाग दिए जा सकते हैं।” बसुनिया और उनकी पत्नी के घर लौटने पर प्रदर्शन बसुनिया का बयान उस घटना के कुछ दिन बाद आया है, जब वह और उनकी पत्नी TMC विधायक संगीता रॉय कूच बिहार के सिताई स्थित अपने पैतृक घर लौटे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों और BJP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बसुनिया के राजनीतिक रुख बदलने को लेकर उनकी आलोचना भी हुई। हंगामे के दौरान उनके घर के पास मौजूद TMC कार्यालय में कथित तौर पर आग लगा दी गई। बसुनिया लगातार कहते रहे हैं कि अब वह TMC के साथ नहीं हैं। उन्होंने खुद को NDA के साथ बताया है।
Source link
NCPI के 17 सांसद BJP में जाएंगे:बसुनिया बोले- दुर्गा पूजा से पहले या बाद में सामूहिक जॉइनिंग, एंटी-डिफेक्शन कानून लागू नहीं होगा