![]()
बरेली में सर्जरी के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए बरेली के वरिष्ठ सर्जन एवं पूर्व महापौर डा. आईएस तोमर और वरिष्ठ आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डा. लालता प्रसाद को एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित कोलोप्रोक्टोलॉजी कांफ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप के पहले दिन लाइफ टाइम अचीवमेंट से सम्मानित किया गया। एसआरएमएस ट्रस्ट के देव मूर्ति ने चिकित्सकों की युवा पीढ़ी को इन दोनों से मरीजों के प्रति सेवा भाव, जुनून और नैतिक मूल्यों को सीखने का संदेश दिया। मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जरी विभाग की ओर से कोलोप्रोक्टोलॉजी कांफ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप शनिवार को आरंभ हुई। एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया के बरेली चैप्टर के सहयोग से हो रही इस कांफ्रेंस के उद्घाटन सत्र में देव मूर्ति ने डा. आईएस तोमर के सेवाभाव और नैतिक मूल्यों की सीख लेने पर जोर दिया। डा. तोमर ने सम्मान के लिए एसआरएमएस ट्रस्ट का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज मरीजों के उपचार के लिए अत्याधुनिक उपकरण और संसाधन उपलब्ध हैं। जब हमने 1972 में एमएस के बाद प्रैक्टिस शुरू की तब सुविधाएं नहीं थीं। मरीज के एसेसमेंट के लिए एक्सरे को छोड़कर कुछ नहीं था। उसी के सहारे हम सबने उपचार शुरू किया। इस दौरान एक बात हमेशा ध्यान रखी। वह थी, मरीज का इलाज करते वक्त अपने नैतिक मूल्यों को थामे रखना। समय बदला और नैतिक मूल्य भी बदल गए। लेकिन आज भी मानवता की सेवा में नैतिक मूल्यों का महत्व है। धन के बजाय मरीज का उपचार जरूरी है। ऐसे में अंतरात्मा की आवाज सुनें। उद्घाटन सत्र में इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ कोलोप्रोक्टोलॉजी के पूर्व प्रेसिडेंट डा. प्रशांत रहाटे ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह में आईएससीपी सेक्रेटरी डा. नीरज गोयल, एकेडेमिक कंवीनर डा. दिनेश शाह, आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डा. रवीश अग्रवाल, एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया के बरेली चैप्टर अध्यक्ष डा. कौशल कुमार, प्रिंसिपल डा. एमएस बुटोला ने भी संबोधित किया। कांफ्रेंस चेयरमैन एवं सर्जरी विभागाध्यक्ष डा. एसके सागर ने सभी का स्वागत किया और सेक्रेटरी डा. अमित सिंह ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर आदित्य मूर्ति, डा. सुजॉय मुखर्जी, डा. आरपी सिंह, डा. रोहित शर्मा, डा. सीएम चतुर्वेदी, डा. क्रांति मौजूद रहे।
Source link
पूर्व महापौर तोमर को लाइफटाइम अचीवमेंट:बरेली मेडिकल कॉलेज में विशेष कार्यशाला, डाक्टर लालता प्रसाद भी हुए पुरस्कृत